बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सिवनी जिला जेल से तीन विचाराधीन कैदी फरार, परिजनों ने कराया आत्मसमर्पण

सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिला जेल में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई है। बुधवार 14 जनवरी की शाम करीब छह बजे पाक्सो एक्ट के तीन विचाराधीन कैदी लगभग 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर जेल से फरार हो गए। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और डूंडासिवनी थाने में मामला दर्ज कराया गया।

फरार कैदियों की पहचान अंकित पुत्र श्रीवाल, विशाल पुत्र ब्रह्मानंद (दोनों निवासी लखनवाड़ा थाना क्षेत्र) और विशाल पुत्र चिंदीलाल (निवासी गोंदिया जिला) के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों ने एक-दूसरे का सहारा लेकर जेल की दीवार पार की और सुरक्षा घेरे से बाहर निकल गए। पूरी घटना जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है।

हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान जेल में तैनात सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। नियमित गिनती के दौरान तीन कैदियों की अनुपस्थिति सामने आने पर जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने फरार कैदियों के परिजनों से संपर्क कर समझाइश दी। इसके बाद गुरुवार 15 जनवरी की सुबह परिजन तीनों आरोपितों को ढूंढकर स्वयं जेल लेकर पहुंचे और उन्हें प्रशासन के सुपुर्द कर दिया। तीनों को दोबारा जेल में दाखिल कर लिया गया है।

इस घटना ने सिवनी जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार जेल प्रशासन लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर चुका है।

Author

Related Articles

Back to top button