खड़ौरा में शीत सहायता शिविर आयोजित, जरूरतमंदों को बांटे कंबल व वस्त्र

सिंगरौली। देवसर तहसील अंतर्गत ग्राम खड़ौरा में आचार्य रामाधार सेवा संघ द्वारा शीत सहायता शिविर 2026 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संघ के सभागार खड़ौरा में स्वामी निर्विकल्पानंद जी महाराज, अध्यक्ष रामकृष्ण मठ रीवा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान संघ के संरक्षक दुर्गा प्रसाद चतुर्वेदी एवं सीताशरण चतुर्वेदी, संघ के अध्यक्ष तुलसीदास चतुर्वेदी तथा डॉ. एच.पी. सिंह रीवा उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने आशीर्वचन में समाज सेवा को मानव धर्म का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए जरूरतमंदों की सहायता को पुण्य कार्य बताया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र से आए जरूरतमंद एवं लाभार्थी परिवारों को कंबल, शाल एवं साड़ी का वितरण किया गया। ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। लाभार्थियों ने इस पहल के लिए संघ के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजन गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी सहायक साबित होते हैं।
शिविर में क्षेत्र के सम्मानित नागरिक, ग्रामवासी, संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में संघ पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखने की बात कही।













