डैम में नाव से गिरा युवक लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दोस्तों के साथ घूमने गया था 19 वर्षीय युवक, सुरक्षा जैकेट नहीं पहनने से हुआ हादसा

सिंगरौली। बैढ़न क्षेत्र के डैम में नाव से गिरने के बाद एक युवक के लापता हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। वलियारी निवासी संतोष शाह (19), पिता राम सजीवन शाह, नाव में सवार रहते हुए अचानक पानी में गिर गए। घटना के बाद से पुलिस और राहत दल द्वारा लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष शाह अपने साथियों अरविंद शाह, आशीष साकेत और नाव चालक सोनू खैरवार के साथ नाव में सवार थे। इसी दौरान संतोष अचानक संतुलन बिगड़ने से डैम के गहरे पानी में गिर गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संतोष अविवाहित थे और तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वे दूध बेचकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली बैढ़न पुलिस हरकत में आई। नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस बल, एसडीईआरएफ, होमगार्ड और आपदा मित्र की टीम मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों के अनुसार संतोष दोस्तों के साथ घूमने के उद्देश्य से डैम किनारे गया था। बताया गया कि डैम किनारे खड़ी नाव का उपयोग मछली पकड़ने के लिए किया जाता है। नाव में सवार किसी भी व्यक्ति ने सुरक्षा जैकेट नहीं पहन रखी थी, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई।नगर पुलिस अधीक्षक ने खोज अभियान के लिए तीन नाव मशीनों को लगाया है। साथ ही एनडीईआरएफ टीम को भी बुलाया गया है, जिसके देर रात तक सिंगरौली पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। अंधेरा होने के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया, जिसे सुबह पुन: शुरू किया जाएगा। इधर परिजनों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव किया जा सके।













