बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

लोकायुक्त ने महिला थाने की प्रधान आरक्षक को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा

देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक शाहीन खान को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता विशाल परमार की शिकायत पर की गई।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, विशाल परमार की पत्नी अर्चना ने महिला थाने में मारपीट और दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इस मामले में कार्रवाई करने के बदले प्रधान आरक्षक शाहीन खान ने 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त निरीक्षक दीपक सेजवार द्वारा जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए।

इसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। जैसे ही प्रधान आरक्षक ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, लोकायुक्त टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।

पुलिस अधीक्षक ने की सख्त कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत ने आरोपी प्रधान आरक्षक शाहीन खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं महिला थाना प्रभारी सुनीता कटारा को भी लाइन अटैच किया गया है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button