धान पंजीयन में अनियमितता का आरोप, किसान ने कलेक्टर से की शिकायत

सिंगरौली। जिले के बैढ़न स्थित सेवा सहकारी समिति मर्यादित गहिलरा में धान उपार्जन पंजीयन को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। एक किसान ने आरोप लगाया है कि रिश्वत नहीं देने पर उसका धान पंजीयन जानबूझकर कम कर दिया गया, जिससे उसे करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्राम कंजी, पोस्ट खुटार निवासी किसान राजपति शाह ने इस संबंध में जिला कलेक्टर से शिकायत की है। किसान का कहना है कि पंजीयन के दौरान समिति के ऑपरेटर ने उससे 1500 रुपये की रिश्वत मांगी थी। पैसे देने से इनकार करने पर उसे मौखिक रूप से 60 क्विंटल धान पंजीयन का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में सिस्टम में केवल 14 क्विंटल का ही पंजीयन दर्ज पाया गया।
राजपति शाह का आरोप है कि रिश्वत नहीं देने के कारण उसकी पूरी फसल का सही पंजीयन नहीं किया गया, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

इस मामले पर सहकारिता उपायुक्त पीके मिश्रा ने कहा कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि समिति स्तर पर कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।













