ई-कोल इंटरनेशनल स्कूल परिसर में बुधवार को क्रिसमस का हुआ भव्य आयोजन

सिंगरौली। ई-कोल इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को क्रिसमस पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा विशेष स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्री मनीष कुमार शाह, चेयरमैन स्काईलार्क स्कूल एवं विशिष्ट अतिथि श्री जम्मू बेग, चेयरमैन ई-कोल इंटरनेशनल स्कूल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग नाट्य प्रस्तुति से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रभु यीशु मसीह के जन्म की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। बच्चों की सजीव अभिनय कला, भाव-भंगिमा और उत्साह ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती बिंदु श्रीवास्तव ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में बच्चों को क्रिसमस पर्व के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह त्योहार प्रेम, शांति, त्याग और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चेयरमैन श्री जम्मू बेग ने विद्यार्थियों को क्रिसमस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं मुख्य अतिथि श्री मनीष कुमार शाह ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था। बच्चों की उमंग, उत्साह और उल्लास ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से क्रिसमस गीत गाए और एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं।













