सीबीएसई की क्षेत्रीय कार्यशाला में डीएवी निगाही के शिक्षक ने प्रस्तुत किया नवाचार मॉडल
फराज अहमद खान ने रीयलटाइम ग्राफ के जरिए समझाई गति की अवधारणा, विद्यार्थियों की समझ 40 से बढ़कर 75 प्रतिशत होने का दावा

सिंगरौली। डीएवी पब्लिक स्कूल निगाही के शिक्षक फराज अहमद खान ने इंदौर में आयोजित सीबीएसई की क्षेत्रीय कार्यशाला में अपने नवाचार मॉडल का प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। 10 अक्टूबर 2026 को डेली कॉलेज इंदौर में आयोजित इस कार्यशाला का विषय कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रहा।
कार्यशाला में फराज अहमद खान ने मध्य विद्यालय विज्ञान में तकनीक के उपयोग से गति की अवधारणा समझाने के लिए ‘विजुअलाइजिंग मोशन: रीयलटाइम ग्राफ’ मॉडल प्रस्तुत किया। इसमें विद्यार्थियों को वास्तविक घटनाओं का अवलोकन कर आंकड़ों के आधार पर दूरी-समय और वेग-समय ग्राफ तैयार करने तथा स्मार्टफोन वीडियो विश्लेषण और सिमुलेटर के माध्यम से उनका अध्ययन करने की प्रक्रिया बताई गई।
मॉडल का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, पैटर्न पहचान, समस्या समाधान और एल्गोरिदमिक सोच विकसित करना है। प्रस्तुत पोस्टर के अनुसार, इस पद्धति से विद्यार्थियों की समझ का स्तर 40 प्रतिशत से बढ़कर 75 प्रतिशत तक पहुंचा।
कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा के अनुरूप विद्यार्थियों में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं एआई कौशल विकसित करने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में सीबीएसई के संबद्धता निदेशक जय प्रकाश चतुर्वेदी और संयुक्त सचिव सुभाष चंद गर्ग सहित शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञ मौजूद रहे। प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों के लगभग 56 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
डीएवी पब्लिक स्कूल निगाही के प्राचार्य शैलेश सिंघल ने फराज अहमद खान को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों के नवाचार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्योपयोगी शिक्षण पद्धतियों को प्रोत्साहित करता रहेगा। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।













