बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, सड़क-बिजली-पानी और नौकरी से जुड़ी समस्याएं पहुंचीं

संबंधित अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, नौकरी और पेंशन के मामलों में 7 दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी

सिंगरौली। सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रविवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित सांसद कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सांसद ने लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।जनसुनवाई में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा, आलोक शर्मा, नरेश शाह, नीरज सिंह, मोरवा मण्‍डल अध्‍यक्ष विनोद सिंह कुरूमवंशी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे। जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी इस दौरान उपस्थित रहे।

सड़क, बिजली, पानी और रोजगार की समस्याएं प्रमुख
जनसुनवाई में लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, रोजगार और पेंशन से संबंधित समस्याएं सांसद के सामने रखीं। कई किसानों ने खराब सड़कों और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए आवेदन सौंपे।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। नौकरी और पेंशन से जुड़े आवेदनों पर उन्होंने अधिकारियों को 7 दिन के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता : सांसद
सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
जनसुनवाई के बाद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होगा और संबंधित विभागों की जवाबदेही बढ़ेगी।

Author

Related Articles

Back to top button