बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ पड़ी भारी: वैढ़न में बिजली विभाग का बड़ा छापा, 59 में से 25 परिसरों में पकड़ी गई बिजली चोरी

सिंगरौली-मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के शहर संभाग वैढ़न में बिजली चोरों के खिलाफ विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। स्मार्ट मीटर को बायपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों पर नकेल कसते हुए विभाग ने शनिवार को एक वृहद चेकिंग अभियान चलाया। इस सघन छापामार कार्रवाई के दौरान विभागीय टीमों ने कुल 59 परिसरों की जांच की, जिनमें से 25 स्थानों पर बिजली चोरी और भारी अनियमितताएं पकड़ी गईं।

अधिकारियों की सीधी निगरानी में हुई जांच:
शहर संभाग के कार्यपालन अभियंता दिनकर प्रसाद दुबे के कड़े निर्देशों पर विद्युत चोरी के विरुद्ध यह मुहिम शुरू की गई है। अभियान की जमीनी मॉनिटरिंग कर रहे सहायक अभियंता संदीप विश्वकर्मा के निर्देशन में कनिष्ठ अभियंताओं की कई टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी। जांच टीमों ने मौके पर स्मार्ट मीटर, उसकी वायरिंग और सर्विस कनेक्शन की बारीकी से पड़ताल की तथा मीटर को बायपास किए जाने की स्थिति को रंगे हाथों पकड़ा।

विद्युत अधिनियम की गंभीर धाराओं में केस दर्ज, कोर्ट जाने की तैयारी:
छापेमारी के दौरान जिन 25 परिसरों में अनियमितता पाई गई, वहां मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया गया। इन सभी मामलों में विद्युत अधिनियम-2003 की धारा-135, धारा-138 एवं 126 के कड़े प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार अनंतिम निर्धारण के बाद संबंधित उपभोक्ताओं को निर्धारित राशि जमा करने का नोटिस भेजा जाएगा। यदि तय समय सीमा के भीतर जुर्माना राशि जमा नहीं की जाती है, तो इन प्रकरणों को सीधे न्यायालय में ले जाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं को सीधी चेतावनी – ‘अभियान रहेगा जारी’:
शहर संभाग वैढ़न ने आम उपभोक्ताओं को चेतावनी जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर को बायपास करना, उससे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करना या अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग करना एक गंभीर अनियमितता है। कार्यपालन अभियंता ने साफ किया है कि बिजली चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और यह सघन अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button