बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा सिंगरौली में चलाएगी 13 सूत्रीय कार्यक्रम : सुंदर शाह

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे सेवा कार्य, आयुष्मान व राशन कार्ड शिविर से लेकर पौधरोपण, स्वच्छता और महिला सम्मान तक होंगे आयोजन

सिंगरौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चला रही है। अभियान के तहत 13 सूत्रीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर शाह ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सेवा, सुशासन और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचना तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

सुंदर शाह ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में की गई। इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। शाम 7 बजे घरों और मंदिरों में आशीर्वाद के दीप जलाने का कार्यक्रम भी रखा गया। उन्होंने कहा कि पूरे एक महीने तक अलग-अलग क्षेत्रों में जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सेवा ज्योति यात्रा से लेकर लाभार्थियों की कहानियों तक होंगे कार्यक्रम
अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा और नमो सेवा गाथा जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा कार्यों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। आंगन का उत्सव कार्यक्रम में आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। वहीं, कहानी बदलाव की कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभव साझा किए जाएंगे।बच्चों के लिए ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर चित्रांकन प्रतियोगिता और महिलाओं के लिए सेवा से रंगोली उत्सव आयोजित किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

सेवा सेतु शिविरों में योजनाओं से जोड़े जाएंगे हितग्राही
सुंदर शाह ने बताया कि सेवा सेतु अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में शिविर आयोजित कर पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, फल वितरण और विकसित भारत दर्शन प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।युवाओं के लिए राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने से जुड़े कार्यक्रमों को भी अभियान में शामिल किया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने और विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

17 अक्टूबर को जनसेवक महाकुंभ के साथ होगा समापन
सुंदर शाह के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान का समापन 17 अक्टूबर को जनसेवक महाकुंभ के रूप में होगा। इस अवसर पर देशभर के जनप्रतिनिधि वंदे मातरम के साथ विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेंगे।उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य अभियान के माध्यम से 25 करोड़ परिवारों तक सेवा और सुशासन का संदेश पहुंचाना है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

Author

Related Articles

Back to top button