नवानगर सामाजिक चिंतन समारोह में शामिल होंगे स्वामी प्रसाद मौर्य

सिंगरौली। उत्तर प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य 25 दिसंबर 2025 को नवानगर में आयोजित सामाजिक चिंतन कार्यक्रम एवं कुशवाहा पिकनिक समारोह में शामिल होंगे। यह जानकारी ओबीसी महासभा के जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी सुदामा प्रसाद कुशवाहा ने दी है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित किया जा रहा है। इसकी सूचना उपखंड अधिकारी सिंगरौली को 22 दिसंबर 2025 को लिखित रूप में दे दी गई है। कार्यक्रम के अनुसार स्वामी प्रसाद मौर्य का स्वागत दोपहर 11 बजे इंदिरा चौक, नवजीवन बिहार में किया जाएगा। इसके बाद रैली के रूप में मस्जिद तिराहा होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
इसके पश्चात राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा, जिसमें अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं शोषित समाज पर हो रहे अत्याचारों को रोकने तथा मध्यप्रदेश में ओबीसी आरक्षण को 13 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने, लंबित भर्तियों और बैकलॉग पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग शामिल रहेगी।
इसके बाद रैली स्टेट बैंक रोड होते हुए माजन मोड़ नवानगर स्थित एलसीएच थाना के पास सामाजिक चिंतन कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम प्रभारी सुदामा प्रसाद कुशवाहा ने सभी स्वजातीय बंधुओं, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।













