टोरंटो में भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या, यूनिवर्सिटी परिसर के पास दहशत

टोरंटो। कनाडा के टोरंटो शहर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो (यूटीएससी) परिसर के पास हुई गोलीबारी में 20 वर्षीय भारतीय छात्र शिवांक अवस्थी की मौत हो गई। शिवांक पीएचडी के छात्र थे और उच्च शिक्षा के लिए भारत से कनाडा गए थे। इस घटना ने टोरंटो में रह रहे भारतीय समुदाय और अंतरराष्ट्रीय छात्रों के बीच गहरी चिंता पैदा कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार को हाइलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड के पास हुई। गोली लगने के बाद शिवांक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक हमलावर फरार हो चुके थे और चिकित्सकीय सहायता मिलने से पहले ही शिवांक ने दम तोड़ दिया। सुरक्षा कारणों से घटना के बाद कुछ समय के लिए विश्वविद्यालय परिसर को लॉकडाउन कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, यह इस साल टोरंटो में हुई 41वीं हत्या है।
घटना पर टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा कि वह शिवांक के परिवार के संपर्क में है और पार्थिव शरीर को भारत भेजने समेत सभी कानूनी औपचारिकताओं में सहायता प्रदान की जा रही है।
शिवांक विश्वविद्यालय की चीयरलीडिंग टीम के सक्रिय सदस्य भी थे। उनके साथियों ने उन्हें एक मिलनसार और ऊर्जा से भरपूर छात्र बताया। इस घटना के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। छात्र देर शाम की कक्षाओं और परीक्षाओं में जाने से डर महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।













