रामजतन साकेत के काचन नदी में डूबने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

सिंगरौली-हिरर्वाह क्षेत्र के निवासी रामजतन साकेत (उम्र लगभग 45 वर्ष) के काचन नदी में डूबने की आशंका को लेकर इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। यह घटना बैढ़न–हिरर्वाह पुल के पास प्रतिमा विसर्जन स्थल के नजदीक बीते दिन शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार पुल के पास बैठे रामजतन साकेत को आखिरी बार देखा गया था। वहीं एक बालिका ने बताया कि उसने एक व्यक्ति को गिरते हुए देखा और उसके हाथ पानी में डूबते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद वह नजरों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मध्यप्रदेश होमगार्ड आपदा प्रबंधन (SDERF) की टीम कल रात से लगातार तलाश अभियान चला रही है। हालांकि 23 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। मौके पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौजूद है और स्थिति को देखते हुए NDRF टीम की भी आवश्यकता जताई गई है।
घटनास्थल पर परिजनों की हालत बेहद खराब है और वे लगातार रो-रोकर अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं। बालिका द्वारा दिए गए बयान के आधार पर प्रशासन पूरी गंभीरता से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा हुआ है।
मौके पर नगर निगम सिंगरौली की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल एवं हिरर्वाह वार्ड पार्षद खुर्शीद आलम भी पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। वहीं आपदा प्रबंधन टीम से राम सिंह, संजय सिंह सहित अन्य कर्मचारी, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व रिश्तेदार भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
खोज अभियान लगातार जारी है और प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













