मध्य प्रदेशसिंगरौली

वार्ड 34 उपचुनाव मे कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत

 

सिंगरौली। नगर पालिका निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 34 में हुए पार्षद उपचुनाव में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए भारतीय जनता पार्टी के लंबे समय से चले आ रहे वर्चस्व को समाप्त कर दिया। कांग्रेस प्रत्याशी श्री विजय शाह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 173 मतों से पराजित कर शानदार विजय हासिल की।

 

यह चुनाव शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रवीण सिंह चौहान के नेतृत्व में लड़ा गया पहला चुनाव था, जिसमें कांग्रेस संगठन की मजबूती और जमीनी पकड़ साफ तौर पर दिखाई दी। लगभग दो दशकों से इस वार्ड पर भाजपा का कब्जा रहा था, लेकिन इस उपचुनाव में जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान कर कांग्रेस को बड़ी सफलता दिलाई।

 

जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और एक-दूसरे को बधाइयां दी गईं। नेताओं ने इस जीत को संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम बताया।

 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वार्ड 34 की यह जीत आगामी नगर निगम और स्थानीय चुनावों के लिए कांग्रेस के लिए मजबूत संकेत है। इस परिणाम से सिंगरौली की राजनीतिक तस्वीर में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button