मध्य प्रदेशसिंगरौली

गोरबी पुलिस ने सिंगरौली-बरगवां मार्ग को दुरुस्त कर राहगीरों को दी राहत

सिंगरौली: सिंगरौली-गोरबी मुख्य मार्ग पर बने गहरे और खतरनाक गड्ढों से परेशान राहगीरों को आखिरकार राहत मिल गई है। लंबे समय से इस मार्ग पर बने गड्ढों के कारण हादसे हो रहे थे और वाहनों के फंसने से जाम की स्थिति बनी रहती थी। हालांकि प्रशासन और एनसीएल प्रबंधन द्वारा इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, लेकिन सिंगरौली पुलिस ने जनहित में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मार्ग को दुरुस्त किया।

गड्ढों के कारण समस्याएँ
सिंगरौली-बरगवां मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और लगातार पानी बहने के कारण कई जगह गहरे गड्ढे बन गए थे। इन गड्ढों की वजह से राहगीरों को आए दिन दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता था, खासकर दुपहिया वाहन चालकों को। वहीं, भारी कोल वाहनों के फंसने से मार्ग पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न होती थी, जिसके कारण यात्रियों को घंटों तक रास्ते में फंसे रहना पड़ता था।

पुलिस की पहल और सुधार
गोरबी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए व्यक्तिगत पहल की। उन्होंने स्थानीय संविदाकारों की मदद से परेवा नाला सहित गोरबी चौकी क्षेत्र के नोढिया और महदईया गांवों में बने गड्ढों को भरवाया। गिट्टी, मोरम और बोल्डर डालकर सड़क को दुरुस्त किया गया, और रोलर के माध्यम से इसे चलने योग्य बनाया गया। इससे अब वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिली है।

ग्रामीणों और वाहन चालकों की सराहना
गोरबी पुलिस की इस पहल को स्थानीय ग्रामीणों, वाहन चालकों और जनप्रतिनिधियों ने मुक्तकंठ से सराहा है। उन्होंने इस कदम को समय की आवश्यकता बताया और अनुरोध किया कि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सड़क का स्थायी नवीनीकरण किया जाए। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन और एनसीएल प्रबंधन से इस मुद्दे पर जल्दी कार्रवाई करने की अपील भी की है।

सड़कों की स्थिति में सुधार से वाहन चालकों को राहत
अब इस मार्ग पर यात्रा करने वाले स्कूली बच्चों और मरीजों को लेकर जाने वाले वाहनों को भी राहत मिली है। सड़क की स्थिति सुधरने से यात्रा का समय कम हो गया है और दुर्घटनाओं में भी कमी आई है।

Author

Related Articles

Back to top button