खुले वाहनों से राखड़ परिवहन बंद करने की मांग, डिप्टी कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन

सिंगरौली।सिंगरौली जिले से वरगवां, देवसर, बहरी, सीधी होते हुए सतना, मैहर और कटनी की सीमेंट फैक्ट्रियों तक खुले वाहनों से हो रहे राखड़ परिवहन को लेकर विरोध तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी के युवा नेता इंजीनियर विवेक सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खुले वाहनों से राखड़ ट्रांसपोर्ट पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
इंजीनियर विवेक सोनी ने बताया कि सिंगरौली-वैढ़न से एनएच-39 मार्ग पर खुले ट्रकों से राखड़ और कोयले का परिवहन किया जा रहा है, जिससे देवसर बाजार सहित पूरे हाईवे पर भारी प्रदूषण फैल रहा है। सड़क पर गिरती राखड़ से आमजन का जीवन दूभर हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। लोगों के सांस के जरिए राखड़ शरीर में जा रही है, जिससे गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि परिवहन से आपत्ति नहीं है, लेकिन यह बंद और सुरक्षित वाहनों से होना चाहिए। पूर्व में जियावन में आयोजित सभा के दौरान 15 सूत्रीय ज्ञापन में यह मांग उठाई गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में मांग की गई कि देवसर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर राखड़ ले जा रहे वाहनों की जांच की जाए और दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। चेतावनी दी गई कि यदि सात दिन में समाधान नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों के साथ मिलकर चक्का जाम करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।













