सिंगरौली में डॉग बाइट के मामले बढ़े, स्वास्थ्य विभाग चिंतित, नगर निगम बना रहा है डॉग शेल्टर होम

सिंगरौली – सिंगरौली जिले में जानवरों के काटने की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन चिंतित हैं। पिछले एक साल के दौरान लगभग 8 हजार लोग जानवरों द्वारा काटे गए, जिनमें से 6944 मामले कुत्तों के काटने के हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इन मामलों में से 2684 लोगों को जिला चिकित्सालय में रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए। डॉग बाइट के बढ़ते मामलों को लेकर मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन और डेयरी विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री, लखन पटेल ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा,अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो रेबीज जैसी गंभीर बीमारी का खतरा बढ़ सकता है।नगर निगम इस समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि सिंगरौली जिले में प्रतिदिन औसतन 8 से 10 डॉग बाइट के मरीज आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी जरूरतमंद मरीजों को रेबीज का इंजेक्शन दिया जा रहा है, और डॉग बाइट की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए डॉग शेल्टर होम का निर्माण आवश्यक है।
नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने कहा कि शहर में डॉग शेल्टर होम के निर्माण के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं। हालांकि कुछ तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम जल्द ही आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर काम शुरू करेगा, ताकि आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित किया जा सके।













