वरिष्ठ चिकित्सक की 15 वर्षीय पुत्री ने की आत्महत्या, स्वास्थ्य महकमे में शोक की लहर

सिंगरौली। जिला मुख्यालय के बिलौंजी क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। जिला चिकित्सालय में पदस्थ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप भगत की 15 वर्षीय इकलौती पुत्री, रीतिमा ने बीती रात अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से स्थानीय स्वास्थ्य विभाग और शहर में शोक व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। रीतिमा ने बिलौंजी स्थित डॉ. कॉलोनी आवास के पिछले हिस्से में बने टीन शेड में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि जिस वक्त रीतिमा ने यह आत्मघाती कदम उठाया, उस समय डॉ. संदीप भगत घर पर मौजूद नहीं थे।
हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रारंभिक चर्चाओं में पठन-पाठन (पढ़ाई) को लेकर मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है। परिजनों और परिचितों के अनुसार, रीतिमा पिछले कुछ समय से अपनी पढ़ाई को लेकर दबाव में थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। डॉ. संदीप भगत की इकलौती संतान होने के कारण इस हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है। जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों और स्टाफ ने इस असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।











