किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का आंदोलन
किसान जन आंदोलन यात्रा 5 जनवरी से सिंगरौली में होगी प्रारंभ

सिंगरौली- किसान कांग्रेस के आह्वान पर और मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के निर्देशानुसार, किसान जन आंदोलन यात्रा का आयोजन 5 जनवरी 2026 से सिंगरौली शहर में किया जाएगा। यह यात्रा पांच दिनों तक चलेगी, जिसमें प्रदेश भर में किसानों की समस्याओं और नाइंसाफी के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस यात्रा को किसानों के हक में एक सशक्त आंदोलन बताया है, जो सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के पांचों ब्लॉकों से गुजरते हुए सरकार तक किसानों की समस्याओं को पहुंचाएगा। यह यात्रा प्रदेश व केंद्र की भ्रष्ट भाजपा सरकार के खिलाफ किसानों की आवाज बुलंद करने का काम करेगी।

यात्रा का शुभारंभ 5 जनवरी 2026 को राजीव चौक माजन मोड़ पर राजीव गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया जाएगा। इसके बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता यात्रा को हरी झंडी देंगे, और यह यात्रा माजन मोड़ से शुरू होकर विभिन्न गांवों में किसानों से संवाद करते हुए अपनी यात्रा जारी रखेगी।मनोज दुबे, अध्यक्ष जिला किसान कांग्रेस कमेटी, सिंगरौली शहर ने बताया कि इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं को लेकर जागरूकता फैलाना और उनकी आवाज को प्रदेश और केंद्र सरकार तक पहुंचाना है।
यात्रा का रूट और कार्यक्रम
5 जनवरी 2026- यात्रा माजन मोड़ से रवाना होकर हिरवाह ब्लॉक में तेलाई, पचौर बिलौजी होते हुए हिरवाह में आम सभा के साथ समापन।
6 जनवरी 2026- यात्रा शासन ब्लॉक में मझौली, काम, सिद्धी कला, तियरा होते हुए शासन में सभा कर समापन।
7 जनवरी 2026- यात्रा बैढ़न ब्लॉक में तेलगवां, जुआड़ी, जयनगर, गहिलगढ़, ढोटी, बेलौहाटोला होते हुए कचनी में समापन।
8 जनवरी 2026- यात्रा मोरवा ब्लॉक में सोलंग, पड़री होते हुए ठुरूआ में आम सभा।
9 जनवरी 2026- यात्रा नवानगर ब्लॉक में नवानगर, नंदगांव, अमझर, भरूहा होते हुए दसौती में आम सभा के साथ समापन।













