मुरथल पराठा खाने गए तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, ट्रक चालक फरार

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। तीनों दोस्त स्कूटी पर सवार होकर मुरथल में ढाबे पर पराठा खाने जा रहे थे, तभी उनकी स्कूटी एक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसा नेशनल हाईवे-44 पर नागल खुर्द फ्लाईओवर के ऊपर हुआ। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के चलते हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को बहाल कराया।
मृतकों की पहचान मयंक, दीपक और प्रतीक के रूप में हुई है। तीनों दिल्ली के रोहिणी स्थित कृष्णा विहार के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस मामले में संत निरंकारी मिशन की सतगुरु माता सुधारक्षी महाराज की गाड़ी से टक्कर की भी चर्चा सामने आई है, जिसको लेकर पुलिस ने संत निरंकारी मंडल के मुख्य सुरक्षा अधिकारी कर्नल हरविंदर सिंह गुलेरिया का बयान दर्ज किया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।












