बड़ी खबर

बिहार के सिकरहना नदी में पलटी नाव, एक की मौत, दो लापता

पोल खोल पोस्ट / बिहार के मोतिहारी जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सिकरहना नदी में नाव पलटने से 15 लोग नदी में डूब गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता बताए गए हैं। बाकी 12 लोगों को ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

घटना लखौरा थाना क्षेत्र के लखौरा पुरबारी टोला की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह कई ग्रामीण अपने पशुओं के लिए चारा लेकर नाव से नदी पार कर रहे थे। उसी दौरान अचानक तेज हवा चलने लगी, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के बीचोंबीच पलट गई। देखते ही देखते नाव में सवार सभी लोग पानी में समा गए।

हादसे में 45 वर्षीय कैलाश सहनी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। वहीं बाबूलाल साहनी (45) और मुकेश साहनी (26) लापता बताए गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए खुद ही बचाव अभियान शुरू कर दिया। कई लोगों ने नदी में कूदकर फंसे हुए ग्रामीणों को बाहर निकाला। उनकी त्वरित मदद से 12 लोगों की जान बचाई जा सकी। सभी को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इन्हें निकाला गया सुरक्षित
सुरक्षित निकाले गए लोगों में गुगली साहनी, दिलीप साहनी, जंगली सहनी, सत्यनारायण सहनी, गोपालजी प्रसाद, डिस्को साहनी, राजू साहनी, राधेश्याम सहनी और शिवपूजन साहनी शामिल हैं। अन्य तीन घायलों की पहचान की जा रही है।

प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है और घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Author

  • सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

पोल खोल पोस्ट

सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button