फुटबॉल खेलने निकला किशोर कुंड में डूबा, दूसरे दिन मिला शव, परिजनों ने जताई आशंका

सिंगरौली। सिंगरौली जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां फुटबॉल खेलने निकला 15 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में कुंड में डूब गया। सोमवार सुबह उसका शव बरामद होने के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।मृतक की पहचान गुलाम वारिस (15) पुत्र मोहम्मद जुल्फिकार के रूप में हुई है, जो क्राइस्ट ज्योति स्कूल का कक्षा 10वीं का छात्र था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटी बहन है।

फुटबॉल खेलने निकला, कुंड में नहाने पहुंचा
परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6 बजे गुलाम वारिस अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने की बात कहकर घर से निकला था। बाद में वह झिगुरदा स्थित हनुमान मंदिर के पीछे बने कुंड में नहाने चला गया। सुबह 9 बजे जब उसके पिता घर लौटे तो वह नहीं मिला, जिसके बाद तलाश शुरू की गई।
संदेह के घेरे में घटना
घटना उस समय संदिग्ध लगने लगी जब किशोर का फुटबॉल घटनास्थल से काफी दूर सड़क किनारे मिला। वहीं, दोस्तों का कहना था कि उसे बचाने के लिए गेंद पानी में फेंकी गई थी। परिजनों का आरोप है कि दोस्तों द्वारा सही जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन, सुबह मिला शव
रविवार देर शाम तक स्थानीय लोग और परिजन कुंड में टायर की नाव बनाकर तलाश करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह एक बार फिर खोजबीन शुरू की गई, जिसके बाद करीब 8:30 बजे कुंड से किशोर का शव बरामद कर लिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अनपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल उत्तर प्रदेश सीमा में आता है, इसलिए मामले की जांच अनपरा पुलिस द्वारा की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, वहीं इस घटना से परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है।













