जयंत में चोरों का तांडव: CWS कॉलोनी समेत कई सूने मकान बने निशाना, लाखों की संपत्ति पार

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के जयंत क्षेत्र में बीती रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। विंध्यनगर थाना अंतर्गत जयंत चौकी क्षेत्र में एक के बाद एक कई सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एनसीएल जयंत की CWS कॉलोनी में चोरों ने तीन बंद मकानों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घरों में रखी अलमारियां और लॉकर तोड़कर सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया। चोर यहां से एक स्कूटी भी चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान कॉलोनी के मुख्य गेट पर कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में करीब 15 सुरक्षा गार्ड तैनात बताए जाते हैं, लेकिन घटना के समय कोई भी नजर नहीं आया। इससे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जयंत क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाया। शादी-विवाह और छुट्टियों के कारण कई परिवार घरों में ताला लगाकर बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने पहले रेकी की और फिर अलग-अलग मकानों से जेवरात और नगदी सहित लाखों रुपये की संपत्ति पार कर दी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब न घर सुरक्षित हैं, न वाहन और न ही आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर पा रहे हैं।नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्री गश्त बढ़ाने, कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चौकियों में पुलिस बल बढ़ाने की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।













