नेशनल हाईवे-39 फिर जाम: हथिओदरा में कैप्सूल वल्कर पलटा, यातायात बाधित

सिंगरौली। नेशनल हाईवे 39 पर एक बार फिर जाम की स्थिति बन गई। देवसर-जियावन मार्ग के चौराडांड क्षेत्र अंतर्गत हथिओदरा के पास बीच सड़क पर एक कैप्सूल वल्कर वाहन पलट जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया।
घटना के बाद हाईवे पर भारी वाहनों के पहिए थम गए, जिससे लंबी कतार लग गई। हालांकि छोटे वाहन किसी तरह किनारे से निकलते नजर आए, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से निर्माणाधीन है, जिसके कारण आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं। सड़क की खराब स्थिति और अव्यवस्थित ट्रैफिक प्रबंधन के चलते दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार हादसे होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि न तो सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा हो रहा है और न ही यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर जाम की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन से जल्द से जल्द मार्ग को सुचारू करने और स्थायी समाधान की मांग की जा रही है।













