सिंगरौली में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक की मौत, दूसरा घायल

सिंगरौली- माड़ा थाना क्षेत्र के चौरा गांव के पास गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बोलेरो वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घायल युवक को तुरंत जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न भेजा गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने परसौना-माड़ा राजमिलिन मार्ग पर सड़क जाम कर दिया। उनका कहना था कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक बना रहता है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया।
सूचना मिलते ही माड़ा थाना और खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतक युवक की पहचान की कोशिश की, हालांकि फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवक सरई थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटनास्थल पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस घटना ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार से वाहन चलाने को लेकर फिर से चिंता पैदा कर दी है, जबकि स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।













