महिला थाना ने समझाईस देकर दो परिवारों को टूटने से बचाया

सिंगरौली: महिला थाना सिंगरौली ने एक परिवार में आपसी विवाद को सुलझाते हुए दो परिवारों को टूटने से बचाया। आवेदिका रेखा बंसल द्वारा थाना में आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने अपने पति रोहित बंसल और ससुरालवालों के खिलाफ परेशान करने की शिकायत की थी। आवेदिका का कहना था कि उसकी सास, जेठ, और जेठानी उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं।
महिला थाना द्वारा मामले की गंभीरता को समझते हुए, दिनांक 06 जनवरी 2026 को आवेदिका और अनावेदक दोनों पक्षों को थाना बुलाया गया। महिला थाना अधिकारियों ने सभी पक्षों को बुलाकर शांतिपूर्वक समझाया और रिश्तों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने की सलाह दी। आवेदिका ने स्पष्ट किया कि वह अपने पति और ससुरालवालों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती, और राजी-खुशी से अपने पति के साथ जीवन बिताना चाहती है। इसके बाद एक आपसी समझौता पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच शांति बनी रही।महिला थाना की ओर से आवेदिका को एक मोबाइल नंबर भी प्रदान किया गया, ताकि किसी भी भविष्य की समस्या में वे महिला थाना से संपर्क कर सकें।
इसके साथ ही, आवेदिका के पति को भी समझाया गया कि यदि भविष्य में किसी भी तरह के लड़ाई-झगड़े की स्थिति उत्पन्न होती है तो कानूनी कार्यवाही की जाएगी।महिला थाना द्वारा त्वरित और प्रभावी हस्तक्षेप के कारण, दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और परिवार टूटने से बच गया। अब दोनों पति-पत्नी खुशी-खुशी एक साथ रह रहे हैं। यह कदम महिला थाना के समर्पण और संवेदनशीलता को दर्शाता है, जो समाज में शांति और परिवारिक एकता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।













