बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

खेलते समय राइफल से चली गोली, 7 साल के बच्चे की मौत

 

मुरैना:मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां खेल-खेल में 14 वर्षीय नाबालिग से राइफल चल गई, जिससे साथ खेल रहे 7 साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शनिवार रात 27 दिसंबर को पोरसा थाना क्षेत्र के संजय नगर की है।

जानकारी के अनुसार, किराएदार धर्मराज सिंह तोमर का बेटा ऋषभ तोमर (7) मकान मालिक के दो बेटों के साथ घर की दूसरी मंजिल पर खेल रहा था। इसी दौरान मकान मालिक के 14 वर्षीय बेटे ने कमरे में दीवार पर टंगी अपने पिता की 315 बोर की लाइसेंसी राइफल उतार ली। राइफल से खेलते समय अचानक गोली चल गई, जो ऋषभ के सिर में जा लगी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

फायरिंग की आवाज सुनकर घर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पोरसा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया और राइफल जब्त कर ली। नाबालिग के पिता को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

बताया जा रहा है कि नाबालिग का पिता प्राइवेट गार्ड है, जिस कारण उसके पास लाइसेंसी राइफल है। वह एक दिन पहले ही छुट्टी लेकर पोरसा आया था और शनिवार सुबह राइफल घर पर रखकर गांव चला गया था। रात में यह हादसा हो गया।

मृतक बच्चे के परिजनों ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं और शिकायत दर्ज कराई है। वहीं थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह ने बताया कि जांच के दौरान कमरे की अलमारी में गोली के निशान पाए गए हैं। एक से अधिक निशान मिलने से मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की मदद से पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है, ताकि फायरिंग की सही स्थिति स्पष्ट हो सके।

Author

Related Articles

Back to top button