चितरंगी में सिविल न्यायालय संचालन की मांग को लेकर अधिवक्ता संघ ने शुरू किया क्रमिक अनशन

सिंगरौली-तहसील चितरंगी में सिविल न्यायालय के संचालन की लंबे समय से लंबित मांग को लेकर आज अधिवक्ता संघ चितरंगी ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। संघ के अध्यक्ष बी.पी. सिंह के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन को स्थानीय नागरिकों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है।
अधिवक्ता संघ का कहना है कि सिविल न्यायालय शुरू करने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएँ पूरी कर ली गई हैं। भवन, कक्षीय व्यवस्था, मानव संसाधन से जुड़े प्रस्ताव सहित सभी औपचारिकताएँ पूरी होने के बावजूद राज्य शासन द्वारा अब तक बजट स्वीकृत नहीं किया गया है। बजट स्वीकृति न मिलने के कारण न्यायालय का संचालन वर्षों से अटका हुआ है, जिससे आमजन को न्यायिक कार्यों के लिए दूर-दराज का सफर तय करना पड़ता है।
संघ ने स्पष्ट रूप से कहा है कि सिविल न्यायालय के जल्द संचालन न होने से स्थानीय स्तर पर भारी असंतोष है और जनता को न्याय से वंचित होना पड़ रहा है। अधिवक्ता संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक सिविल न्यायालय का संचालन शुरू नहीं किया जाता, तब तक क्रमिक अनशन अनवरत जारी रहेगा।अधिवक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन क्षेत्र के लोगों के न्यायिक अधिकारों की रक्षा के लिए है और शासन से मांग की है कि बजट को तत्काल स्वीकृत कर न्यायालय संचालन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।













