देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नितेश राणे के सरकारी आवास के बाहर संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप

 

मुंबई: महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार में मंत्री नितेश राणे के सरकारी आवास “सुवर्णगड बंगला” के बाहर रविवार को एक संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और जांच एजेंसियां तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति बैग लेकर बंगले के बाहर आया और उसे वहां रखकर मौके से चला गया। जब बैग देखा गया, तो तुरंत पुलिस और बम निरोधक दस्ता को सूचित किया गया। इस पर मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बम निरोधक टीम घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके को सुरक्षित कर बैग की जांच शुरू की।

जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि बैग में किसी भी तरह की विस्फोटक या खतरनाक सामग्री नहीं थी। बैग के अंदर एक पत्र और कई प्रकार के जूते पाए गए। पत्र में लिखा था, “जिसे भी जूते चाहिए, मुफ्त में ले लो।” इसके साथ ही बैग में अलग-अलग प्रकार के जूते रखे हुए थे।

सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति को देखा गया, जो बैग को बंगले के बाहर रखकर वहां से चला गया। पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि बैग में कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक सामग्री नहीं पाई गई, लेकिन इसके बावजूद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि बैग वहां क्यों रखा गया और उस व्यक्ति की मंशा क्या थी। इसके अलावा, पुलिस यह भी देख रही है कि क्या यह कोई मज़ाक था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश थी।

Author

Related Articles

Back to top button