सिंगरौली के कलाकार सुनील कुमार कुशवाहा की टीम ने चीन में बर्फ की कला प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया

सिंगरौली-चीन के हार्बिन में 6 से 9 जनवरी तक आयोजित 28वीं हार्बिन इंटरनेशनल आइस एंड स्नो स्कल्पचर प्रतियोगिता में भारतीय टीम अभ्युदय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस टीम का नेतृत्व सिंगरौली जिले के कलाकार सुनील कुमार कुशवाहा ने किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के 16 देशों की 25 टीमों ने हिस्सा लिया, और टीम अभ्युदय ने अपनी कला के माध्यम से भारत का नाम रोशन किया।
टीम ने फ्रीडम फ्रॉम बाउंड्रीज शीर्षक से 14&10&10 फीट आकार की बर्फ की विशाल कलाकृति बनाई। बर्फ की इस मूर्तिकला को माइनस 25 से 30 डिग्री सेल्सियस की ठंड और तेज हवाओं के बीच, सीमित समय में पूरा किया गया। टीम के संयम, रचनात्मकता और दृढ़ संकल्प ने उन्हें यह सफलता दिलाई।
टीम में रवि प्रकाश (कैमूर भभुआ, बिहार), रजनीश वर्मा (लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश), मोहम्मद सुल्तान आलम (दिल्ली) और अभिनव आचार्य (दिल्ली) भी शामिल थे। सुनील कुमार कुशवाहा ने इस सफलता को सिंगरौली और मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने बताया कि माइनस 30 डिग्री की ठंड में काम करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम की एकता और सहयोग ने इस कठिन कार्य को संभव बनाया। यह टीम पहले भी जापान, अमेरिका और चीन में कई पुरस्कार जीत चुकी है, और टीम के नाम अब तक 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार हैं। इस बार भी, टीम अभ्युदय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कड़ी मेहनत और कला के दम पर तीसरा स्थान हासिल किया है। टीम 12 जनवरी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी।













