मध्य प्रदेशसिंगरौली

निवास चौकी क्षेत्र में बेखौफ चल रहा अवैध रेत कारोबार, प्रशासनिक निगरानी पर सवाल

 

सिंगरौली।सरई थाना अंतर्गत निवास पुलिस चौकी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का कारोबार खुलेआम चलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गोपद नदी के तटवर्ती इलाकों—ग्राम पंचायत पापल, महुआगांव, हर्दी और निवास—में दिन-रात नदी का सीना छलनी कर रेत निकाली जा रही है।

 

बताया जा रहा है कि अंधेरा होते ही बड़ी संख्या में ट्रैक्टर अवैध रेत से लदे हुए निकलते हैं और सुबह तक परिवहन जारी रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार ट्रैक्टरों से गांव और बाजार क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार नाबालिगों को भी ट्रैक्टर चलाते देखा गया है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।

 

स्थानीय लोगों में चर्चा है कि यह अवैध कारोबार किसी न किसी संरक्षण में फल-फूल रहा है, क्योंकि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। हालांकि, पिछले महीने हर्दी रेलवे स्टेशन के पास नायब तहसीलदार द्वारा कार्रवाई किए जाने के बाद कुछ दिनों के लिए गतिविधियां थमी थीं, लेकिन एक सप्ताह के भीतर फिर से हालात पुराने जैसे हो गए।

 

उल्लेखनीय है कि हाल ही में सीधी जिले के मडवास थाना क्षेत्र के टिकरी चौकी अंतर्गत एक आदिवासी युवक की अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर से कुचलकर मौत का मामला सामने आया था, इसके बावजूद निवास चौकी क्षेत्र में स्थिति में कोई खास बदलाव नजर नहीं आ रहा है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद जमीनी स्तर पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है। लोग अब यह जानना चाहते हैं कि क्या पुलिस और खनिज विभाग इस अवैध उत्खनन पर प्रभावी अंकुश लगा पाएंगे या फिर रेत माफिया इसी तरह बेखौफ अपना कारोबार चलाते रहेंगे।

Author

Related Articles

Back to top button