मध्य प्रदेशसिंगरौली

सामाजिक सौहार्द बनाए रखने सिंगरौली पुलिस की सख्त एडवाइजरी जारी

सिंगरौली। जिले में शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने सोशल मीडिया को लेकर सख्त एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन में जारी इस चेतावनी में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर की जाने वाली हर गतिविधि पुलिस की निगरानी में है और किसी भी तरह की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जातिगत या धार्मिक वैमनस्य फैलाने वाले पोस्ट, महिलाओं के विरुद्ध अश्लील टिप्पणियां, अफवाहें, भ्रामक या उकसाने वाली सामग्री साझा करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आएगा। इसके अलावा बिना सत्यापन किसी पोस्ट को फॉरवर्ड करना भी कानूनी कार्रवाई को आमंत्रित कर सकता है।

एडवाइजरी में बताया गया है कि ऐसे मामलों में आईटी एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और अन्य प्रचलित कानूनों के तहत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे आरोपी ने फर्जी आईडी ही क्यों न बनाई हो। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और यदि कोई आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचना दें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले की शांति से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ बिना चेतावनी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button