देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बॉलीवुड में कम काम मिलने के बयान पर एआर रहमान, सियासत गरम; जावेद अख्तर बोले— ‘छोटे प्रोड्यूसर डरते होंगे’

मुंबई। भारतीय सिनेमा के दिग्गज संगीतकार एआर रहमान के हालिया बयान ने फिल्म इंडस्ट्री से लेकर सियासी गलियारों तक हलचल मचा दी है। एक इंटरव्यू में रहमान ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में उन्हें बॉलीवुड में अपेक्षाकृत कम काम मिल रहा है और हिंदी सिनेमा में अब सांप्रदायिकता जैसी प्रवृत्तियां देखने को मिलती हैं।

रहमान के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने इसे अलग नजरिये से देखा। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा, “मुझे कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ। मैं मुंबई में रहता हूं, लोगों से मिलता हूं और सभी मेरा सम्मान करते हैं। एआर रहमान इतनी बड़ी शख्सियत हैं कि शायद छोटे निर्माता उनके पास जाने में झिझक महसूस करते हों।”

उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे इसमें किसी तरह का “एलिमेंट” नहीं देखते।

गानों के रीक्रिएशन के मुद्दे पर जावेद अख्तर ने कहा कि भारत में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और हिंदुस्तान को टैलेंट का समुंदर कहा जाता है।

वहीं, गीतकार प्रसून जोशी ने इस बयान पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि जब तक वे खुद एआर रहमान से इस विषय पर बात नहीं कर लेते, तब तक कोई राय देना उचित नहीं होगा।

संगीतकार एहसान नूरानी ने कहा कि संगीत एक वैश्विक भाषा है और सबसे जरूरी है अच्छा संगीत बनाते रहना।

गायिका महालक्ष्मी अय्यर ने रहमान के बयान से असहमति जताते हुए कहा कि इंडस्ट्री में नई प्रतिभाओं को लगातार अवसर मिल रहे हैं। टीवी शो और डिजिटल प्लेटफॉर्म नए कलाकारों को आगे बढ़ा रहे हैं और श्रोता भी कुछ नया सुनना चाहते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button