सोलापुर–पुणे हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत, एक गंभीर
पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, उदयपुर में भी आमने-सामने की भिड़ंत में 4 युवकों की

सोलापुर। महाराष्ट्र के सोलापुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सोलापुर–पुणे राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा मोहोल क्षेत्र के देवदरी पाटी के पास रात करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सभी यात्री पनवेल से अक्कलकोट देवदर्शन के लिए जा रहे थे। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
इसी बीच राजस्थान के उदयपुर से भी एक और दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार तड़के पुराने अहमदाबाद हाईवे पर सवीना थाना क्षेत्र के नेला तालाब के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। सभी मृतक उदयपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस घायलों के उपचार की व्यवस्था के साथ हादसे की जांच कर रही है।













