देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नासिक में भीषण सड़क हादसा, चार की मौत, 20 से अधिक यात्री घायल

मालेगांव–मनमाड हाईवे पर निजी बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर

नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। मालेगांव–मनमाड राष्ट्रीय राजमार्ग पर मालेगांव तालुका के वरहाणे गांव के पास एक निजी ट्रेवल्स बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा 19 जनवरी की तड़के करीब 3 बजे हुआ। पुणे से मालेगांव की ओर जा रही एक निजी ट्रेवल्स बस सामने से आ रहे पिकअप वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बस के अगले हिस्से में बुरी तरह घुस गया, जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क पर मलबा बिखर गया।

सोते यात्रियों में मची अफरा-तफरी

हादसे के समय बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक हुए जोरदार टक्कर से यात्री दहशत में आ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए, जबकि कुछ लोग बस के भीतर ही घायल अवस्था में पड़े रहे। टक्कर के कारण पिकअप वाहन और बस दोनों के चालक केबिन में फंस गए थे।

रेस्क्यू ऑपरेशन चला

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। क्रेन, गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से करीब एक घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि सभी घायलों को मालेगांव के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

यातायात रहा प्रभावित

दुर्घटना के चलते मालेगांव–मनमाड मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है।

प्रशासन की ओर से घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button