दयोदय एक्सप्रेस के एसी कोच में सांप की अफवाह से हड़कंप
कोटा स्टेशन पर जांच में निकला रबर का नकली सांप, यात्रियों ने ली राहत की सांस

जबलपुर। अजमेर से जबलपुर आ रही दयोदय एक्सप्रेस के एसी कोच में सांप होने की सूचना से रविवार 18 जनवरी की देर रात यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन में सफर कर रहे यात्री करीब दो घंटे तक दहशत में रहे। हालांकि, ट्रेन के कोटा रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद जब जांच कराई गई तो यह सांप असली नहीं, बल्कि प्लास्टिक (रबर) का नकली सांप निकला।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है, जब ट्रेन के एसी कोच में एक यात्री ने सीट के नीचे सांप देखे जाने की सूचना दी। देखते ही देखते यह खबर पूरे कोच में फैल गई और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अपनी सीट छोड़कर खड़े हो गए, जबकि कुछ ने ट्रेन स्टाफ को सूचना दी।
कोटा स्टेशन पर पहुंची ट्रेन, हुई सघन तलाशी
सूचना मिलने के बाद स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि ट्रेन रात करीब 10 बजे कोटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची। इस दौरान आरपीएफ के जवान भी मौके पर मौजूद रहे। ट्रेन के पहुंचते ही एसी कोच नंबर 1 और 2 में करीब 10 मिनट तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सांप नहीं मिला।
बच्चे के खिलौने से फैली अफवाह
तलाशी के दौरान यात्रियों से पूछताछ की गई, तब पता चला कि एक बच्चे के पास करीब डेढ़ फीट लंबा रबर का सांप था। बच्चे के परिजनों ने बताया कि खेलते समय वह सांप उसके हाथ से गिर गया और सीट के नीचे चला गया था। किसी यात्री ने उसे असली सांप समझ लिया और घबराकर इसकी सूचना दे दी, जिससे अफवाह फैल गई।
रेल प्रशासन ने किए इंतजाम
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच की व्यवस्था भी कर रखी थी। दोनों एसी कोच की पूरी तरह जांच के बाद जब यह स्पष्ट हो गया कि ट्रेन में कोई असली सांप नहीं है, तब यात्रियों ने राहत की सांस ली।
आगे के लिए रवाना हुई ट्रेन
पूरी जांच और स्थिति सामान्य होने के बाद दयोदय एक्सप्रेस को आगे के सफर के लिए रवाना कर दिया गया। इस घटना के बाद यात्रियों ने रेल प्रशासन और स्नेक कैचर की तत्परता की सराहना की। वहीं, रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में घबराने के बजाय पहले ट्रेन स्टाफ को सही जानकारी दें, ताकि अफवाह और अनावश्यक दहशत से बचा जा सके।













