जर्जर माडल रोड को लेकर पार्षदों ने निगमअध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
सड़क निर्माण और समस्या के समाधान के लिए सदन की विशेष बैठक बुलाने की मांग की

सिंगरौली नगर निगम क्षेत्र में माजन चौक से नवजीवन विहार चौक (मॉडल रोड) तक की सड़क की खराब और जर्जर स्थिति ने स्थानीय जनता और पार्षदों में नाराजगी की लहर दौड़ा दी है। इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढों और टूट-फूट की वजह से आमजन का आवागमन बाधित हो गया है। स्थानीय स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को रोजाना गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्ड 42 के पार्षद संतोष कुमार शाह ने बताया कि यह सड़क नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में से एक है। गड्ढों और टूटी सड़क के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। पार्षदों ने नगर निगम अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण और समस्या के समाधान के लिए सदन की विशेष बैठक बुलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल एक वार्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता से जुड़ा हुआ है।
नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे ने ज्ञापन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा कि सड़क की स्थिति गंभीर है और नियमानुसार प्रस्ताव पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जनता की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
ज्ञापन में पार्षदों ने यह स्पष्ट किया कि यदि नगर निगम जल्द ठोस कदम नहीं उठाता है, तो जनता आंदोलन के लिए मजबूर हो सकती है। इसके साथ ही सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए विशेषज्ञ टीमों से तकनीकी निरीक्षण कराए जाने की भी मांग की गई है। नगर निगम में अब हलचल तेज हो गई है और सभी की निगाहें सदन द्वारा लिए जाने वाले निर्णायक फैसले पर टिकी हैं।













