मध्य प्रदेशसिंगरौली

वसंत पंचमी पर शिवधाम मंदिर वैढ़न में विशेष पूजा, विद्यारंभ व अक्षरारंभ संस्कार संपन्न

सिंगरौली-विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के प्रकटोत्सव वसंत पंचमी के पावन अवसर पर शिवधाम मंदिर, वैढ़न में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर के महाप्रबंधक एवं ज्योतिषविद् पं. डॉ. एन. पी. मिश्र के सानिध्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव भूतभावन भोलेनाथ महामृत्युंजय भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।वसंत पंचमी के शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं माँ सरस्वती की आराधना की। साथ ही अनेक अभिभावकों द्वारा अपने-अपने बच्चों के विद्यारंभ एवं अक्षरारंभ संस्कार शास्त्रोक्त विधि-विधान के साथ संपन्न कराए गए। इस दौरान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, विद्या, विवेक एवं संस्कारों की प्राप्ति के लिए विशेष प्रार्थनाएँ की गईं।

विद्या और संस्कारों का पर्व है वसंत पंचमी: पं. डॉ. एन. पी. मिश्र
इस अवसर पर पं. डॉ. एन. पी. मिश्र ने अपने संदेश में कहा कि वसंत पंचमी केवल ऋतु परिवर्तन का पर्व नहीं है, बल्कि यह विद्या, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का उत्सव है। माँ सरस्वती की आराधना से जीवन में ज्ञान, विवेक और सद्बुद्धि का विकास होता है, जबकि भगवान शिव की उपासना से आत्मिक बल और कल्याण की प्राप्ति होती है। विद्यारंभ संस्कार बच्चों के जीवन में ज्ञानमार्ग का शुभारंभ है, जो उन्हें संस्कारवान और कर्तव्यनिष्ठ बनाता है।दिनभर मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने माँ सरस्वती से विद्या-बुद्धि तथा भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Author

Related Articles

Back to top button