मध्य प्रदेशसिंगरौली

करंट लगाकर जंगली जानवरों का शिकार करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली।सिंगरौली वन मंडल के गोरबी वन परिक्षेत्र अंतर्गत बीट सिलफोरी में करंट लगाकर जंगली जानवरों का शिकार करने वाले चार आरोपियों को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है। इस घटना में एक नीलगाय, एक लोमड़ी और एक सियार की मौत हो गई थी।

वन विभाग को 16 जनवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके बाद बीट प्रभारी अनिल कुमार साकेत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने बांस की खूंटियां और तार लगाकर पास की 11 हजार केवी बिजली लाइन से अवैध रूप से करंट फैलाया था।

17 जनवरी को डॉग स्क्वाड की मदद से आरोपियों की तलाश की गई। साक्ष्यों के आधार पर 21 जनवरी को ग्राम सिलफोरी में दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से तार, बांस की खूंटियां और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद वैढ़न न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उनकी जमानत खारिज कर उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। वन विभाग ने कहा है कि वन्य प्राणियों के शिकार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button