मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिला जेल बैढ़न में रेड क्रॉस की मानवीय पहल

सिंगरौली।इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी सिंगरौली एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में 27 जनवरी 2026 को जिला जेल बैढ़न में एक संवेदनशील एवं मानवीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारागार में निरुद्ध सजायफ्ता कैदियों, महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों को मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक संबल प्रदान करना रहा।

इस अवसर पर सजायफ्ता कैदियों को भजन, कीर्तन एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट प्रदान किए गए, जिससे उनके मानसिक तनाव में कमी आए तथा उनमें आत्मसंयम एवं सकारात्मक सोच विकसित हो सके। वहीं महिला बंदियों को शॉल वितरित की गई। साथ ही उनके बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए खेल सामग्री, बॉल, पज़ल गेम, ड्रॉइंग बुक, पेंसिल, रबर, खिलौने, म्यूजिकल कसीओ, एक वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए पालना (क्रैडल) एवं बच्चों के पहनने योग्य कपड़े भी रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से प्रदान किए गए।

सामग्री वितरण कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अतुल कुमार खण्डेलवाल के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मानवीय पहलें बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने एवं उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक होती हैं।कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शिवचरण पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मनोरम तिवारी, जिला विधिक अधिकारी श्री अमित शर्मा, जेल अधीक्षक श्री एल. के. त्रिपाठी, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी सिंगरौली के चेयरमैन श्री एस. डी. सिंह, रेड क्रॉस सचिव डॉ. ओ. पी. राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button