इंडिगो विमान को बम से उड़ाने की धमकी, अहमदाबाद में आपात लैंडिंग; सभी यात्री सुरक्षित

अहमदाबाद। कुवैत से दिल्ली आ रहे इंडिगो विमान को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार 180 यात्रियों समेत कुल 186 लोगों को सुरक्षित तरीके से उतारकर एयरपोर्ट के सुरक्षित क्षेत्र में ले जाया गया। इस दौरान किसी के घायल होने या मेडिकल इमरजेंसी की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार विमान में एक टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा धमकी भरा नोट मिला था, जिसमें हाईजैकिंग और बम का जिक्र था। इसके बाद फ्लाइट क्रू ने मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया और विमान को अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया था।
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर एन.डी. नाकुम ने बताया कि बम निरोधक दस्ते, सीआईएसएफ, डॉग स्क्वॉड और एयरपोर्ट सुरक्षा टीमों ने विमान व यात्रियों के सामान की गहन जांच की। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। सुरक्षा जांच के दौरान एयरपोर्ट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और फ्लाइट ऑपरेशन मामूली बदलावों के साथ जारी रहे।
फिलहाल धमकी भरे नोट की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसे विमान के अंदर कैसे रखा गया। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













