शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का योगी सरकार पर हमला, 40 दिन में ‘गो-भक्ति’ का प्रमाण देने की चुनौती

वाराणसी। माघ मेला प्रयागराज छोड़ने के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को वाराणसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री को अपने हिंदू होने और गो-भक्त होने का प्रमाण देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को 40 दिन का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया तो यह माना जाएगा कि गेरुआ वस्त्र केवल दिखावे के लिए धारण किए गए हैं।
शंकराचार्य ने मांग की कि यदि मुख्यमंत्री वास्तव में हिंदू हैं तो उत्तर प्रदेश में गाय को ‘गो-माता’ और ‘राज्य माता’ घोषित किया जाए तथा राज्य से गोमांस का निर्यात पूरी तरह बंद किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गोहत्या बंदी की मांग करने वालों पर सरकार और कुछ धार्मिक नेताओं द्वारा हमले कराए जा रहे हैं।
उन्होंने 10 और 11 मार्च को लखनऊ में संत-महंतों और आचार्यों की बैठक बुलाने की घोषणा की, जिसमें “नकली हिंदुओं” की पहचान पर निर्णय लिया जाएगा। माघ मेला छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रशासन ने लाठीचार्ज के पीड़ित संन्यासियों से माफी नहीं मांगी, इसलिए वे मेले से अलग हुए।













