एनटीपीसी विंध्याचल में ‘इन्नोवेशन एवं लर्निंग पर प्रेरणादायी कोर वैल्यू सत्र आयोजित

सिंगरौली- एनटीपीसी विंध्याचल में कोर वैल्यू ‘इन्नोवेशन एवं लर्निंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आरएलआई विंध्याचल द्वारा वरिष्ठ नेतृत्व एवं वरिष्ठ अधिकारियों के लिए एक प्रेरणादायी कोर वैल्यू टॉक का आयोजन किया गया। यह सत्र एनटीपीसी की सतत सीखने, अनुकूलनशीलता और नवाचार आधारित उत्कृष्टता की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने वाला रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा ने किया। उन्होंने एनटीपीसी के पूर्व कार्यकारी निदेशक अशेष कुमार मुखर्जी का स्वागत करते हुए कहा कि जनवरी माह को ‘इन्नोवेशन एवं लर्निंग के कोर वैल्यू माह के रूप में मनाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच संगठनात्मक मूल्यों को कार्यशैली और नेतृत्व व्यवहार में आत्मसात करने में सहायक होते हैं।
मुख्य वक्ता अशेष कुमार मुखर्जी ने अपने दीर्घ अनुभवों के आधार पर परिवर्तन को अपनाने, जिज्ञासा को प्रोत्साहित करने तथा संस्थागत सीख को मजबूत करने पर विचार साझा किए। उनके प्रेरक विचारों ने उपस्थित अधिकारियों को नवाचार को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर महाप्रबंधक माणिक्यन सुरेश, डॉ. बिनोद कुमार भराली, देबब्रत त्रिपाठी, मानव संसाधन प्रमुख श्रीमती रुमा दे शर्मा, डॉ. देबास्मिता त्रिपाठी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उप महाप्रबंधक (आरएलआई) केशव ठाकुर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।













