देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नववर्ष पर बांके बिहारी धाम में उमड़ेगा सैलाब, प्रशासन ने जारी की सख्त एडवाइजरी

29 दिसंबर से 5 जनवरी तक बाहरी श्रद्धालुओं से यात्रा टालने की अपील

मथुरा। नववर्ष 2026 के अवसर पर ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की ऐतिहासिक भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन का अनुमान है कि 29 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक वृंदावन और बांके बिहारी धाम में भारी भीड़ उमड़ेगी, जिससे सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर अत्यधिक दबाव पड़ेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए बाहरी श्रद्धालुओं से इस अवधि में यात्रा टालने या भीड़ की स्थिति देखकर ही आने की अपील की गई है।

प्रशासन के अनुसार मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे और भगदड़ जैसी स्थिति न बने। श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे दर्शन के दौरान बैग, पर्स और कीमती सामान साथ न लाएं। जूते-चप्पल उतारने के लिए मुख्य मार्गों पर निर्धारित स्टैंड बनाए गए हैं, जहां ही उन्हें रखें।

भीड़ को देखते हुए जेबकतरों और मोबाइल चोरों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे अपने पास पहचान और मोबाइल नंबर की पर्ची रखें, ताकि बिछड़ने की स्थिति में सहायता मिल सके।

विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, दिव्यांगों और हृदय या सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को इस अवधि में मंदिर न आने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि श्रद्धालु खाली पेट न आएं और अपनी जरूरी दवाइयां साथ रखें।

किसी भी आपात स्थिति या सामान खोने पर श्रद्धालु गेट नंबर दो और पुलिस चौकी पर बने खोया-पाया केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। मंदिर प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सतर्कता और अनुशासन से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण दर्शन संभव हैं।

Author

Related Articles

Back to top button