एनसीएल अमलोरी खदान में सीआईएसएफ जवान पर जानलेवा हमला व केबल चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। एनसीएल अमलोरी परियोजना के खदान क्षेत्र में रात्रि ड्यूटी के दौरान सीआईएसएफ जवान पर हुए जानलेवा हमले और केबल चोरी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना नवानगर अंतर्गत दर्ज अपराध क्रमांक 09/2026 में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 18 जनवरी 2026 की रात एनसीएल अमलोरी परियोजना खदान क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान सीआईएसएफ जवान प्रआर 033110129 सतीषचंद्र भारती (47 वर्ष) पर अज्ञात आरोपियों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आरोपियों ने मौके से करीब 15 मीटर केबल तार काटकर चोरी कर लिया और घायल जवान को नाले में फेंक दिया था। घटना की रिपोर्ट सीआईएसएफ निरीक्षक विकास कुमार द्वारा थाना नवानगर में दर्ज कराई गई थी।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल से मोटरसाइकिल, दस्ताने, पैरों के निशान सहित अहम साक्ष्य जुटाए। साथ ही पुराने केबल चोरों और कबाड़ कारोबारियों से पूछताछ कर आसूचना तंत्र को सक्रिय किया गया।विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर रामधानी सिंह (38 वर्ष), निवासी थाना मोरवा और महेंद्र बैगा (34 वर्ष), निवासी बचनार, थाना मोरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार करने पर 28 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त की गई है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।













