मध्य प्रदेशसिंगरौली

नगर निगम सिंगरौली में ‘थ्री आर’ से कला एवं आजीविका विषय पर महिलाओं का प्रशिक्षण संपन्न

सिंगरौली,-नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगर पालिक निगम सिंगरौली के सभागार में स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं सफाई मित्रों के लिए एक दिवसीय “वेस्ट टू आर्ट एंड थ्री आर प्रैक्टिस” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन स्वच्छता नॉलेज पार्टनर संस्था हिमालयन इंस्टीट्यूट फॉर एनवायरनमेंट, इकोलॉजी एंड डेवलपमेंट (हाईफीड) द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण की शुरुआत में हाईफीड संस्था के प्रतिनिधि संदीप सोनी ने स्वच्छ भारत मिशन की पृष्ठभूमि, उसके विभिन्न चरणों की प्राथमिकताओं तथा कार्यक्रम की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने खुले में शौच से मुक्ति, कचरा मुक्त शहर, जल संरक्षण, मैला ढोने की कुप्रथा की समाप्ति, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्वास्थ्य और व्यवहार परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को थ्री आर (रिड्यूस, रियूज, रिसाइकल) के महत्व और उसके पर्यावरणीय लाभों के बारे में उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया। कचरे के प्रकार, कचरा कम करने के उपाय, पुनः उपयोग एवं रिसाइकल की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही ई-कचरे के सुरक्षित निपटान पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को कचरे से कला सृजन कर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना रहा। इसमें फूलों से अगरबत्ती, सब्जी मंडी के कचरे से खाद, तथा प्लास्टिक बोतल, गत्ता, थर्माकोल, पुराने अखबार, कपड़े व चूड़ियों से सजावटी वस्तुएं एवं खिलौने बनाने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।

इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी बाल गोविंद चतुर्वेदी, एनयूएलएम नोडल अधिकारी अक्षत उपाध्याय, सिटी मिशन मैनेजर कृष्ण पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं हाईफीड संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button