जनकपुरी हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश, गड्ढे में गिरने से युवक की मौत

नई दिल्ली। दिल्ली के जनकपुरी में हुए हादसे को लेकर सरकार ने उच्च स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया है। कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि जनकपुरी लाइन पुनर्वास प्रोजेक्ट साइट पर हुए हादसे को गंभीरता से लिया गया है। दिल्ली जल बोर्ड ने पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तरीय कमेटी बनाई है। कमेटी को दुर्घटना स्थल का निरीक्षण करने, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज और ट्रैफिक मैनेजमेंट की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जहां भी लापरवाही पाई जाएगी, वहां जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की सिफारिश करने को कहा गया है। कमेटी से शाम तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
वहीं, गृह एवं शिक्षा मंत्री आशीष सूद शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जल बोर्ड के कार्य के दौरान गड्ढे में गिरकर युवक की मौत बेहद दुखद घटना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।
गौरतलब है कि पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी स्थित जोगिंदर सिंह मार्ग पर गुरुवार देर रात एक बाइक सवार युवक गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक का शव और उसकी मोटरसाइकिल करीब 20 फुट गहरे गड्ढे में मिले। बताया जा रहा है कि मृतक एक निजी बैंक में कार्यरत था।













