रेल प्रोजेक्ट के इंजीनियर ने 15 लाख का सामान बेचा, पन्ना पुलिस ने किया खुलासा

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में नागौद-खजुराहो नई रेल लाइन परियोजना से जुड़ी बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र के ग्राम फुलवारी स्थित रेलवे स्टेशन भवन से करीब 15 लाख रुपये की इलेक्ट्रिकल सामग्री चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। फरियादी रामप्रसाद शर्मा ने 31 दिसंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि के-3 कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा नागौद से खजुराहो तक रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य किया जा रहा है। ग्राम फुलवारी स्थित स्टेशन भवन में कंपनी का स्टोर बनाया गया था, जिसमें लगभग 30 लाख रुपये का इलेक्ट्रिकल सामान रखा गया था। 21 जनवरी 2026 को स्टोर का निरीक्षण करने पर केबल, वायर, पीवीसी पाइप सहित अन्य सामग्री गायब मिली, जिसकी कीमत 15 लाख 17 हजार 808 रुपये बताई गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम गठित कर साइबर सेल की मदद ली। जांच के दौरान संदेह के आधार पर रेल प्रोजेक्ट में कार्यरत इलेक्टिकल इंजीनियर अंकित माथुर (35), निवासी भोपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी का सामान सतना जिले के नागौद निवासी राकेश गर्ग (39) को बेचने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने राकेश गर्ग के गोदाम से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया। आरोपियों के कब्जे से केबल, वायर, पीवीसी पाइप सहित अन्य इलेक्ट्रिकल सामग्री, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देवेंद्रनगर संतोष यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।













