मध्य प्रदेशसिंगरौली

शेल्टर का रेनोवेशन कार्य रुकने से घायल गाएं खुले आसमान के नीचे, गौ प्रेमियों में आक्रोश

पशुपालन विभाग ने अधिकार क्षेत्र का हवाला देकर रुकवाया निर्माण कार्य, ठंड में घायल गौ-वंश की जान पर खतरा

सिंगरौली – सिंगरौली स्थित पशुपालन विभाग के प्रांगण में संचालित गौ-शेल्टर के रेनोवेशन कार्य को विभाग के सहायक संचालक द्वारा रुकवा दिए जाने से नई विवाद की स्थिति पैदा हो गई है। निर्माण कार्य रुकने के कारण पिछले दो दिनों से घायल गाएं भीषण ठंड में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, जिससे गौ प्रेमियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

अधिकार क्षेत्र को लेकर विवाद

पशुपालन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिस परिसर में शेल्टर संचालित किया जा रहा है, वह विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसलिए किसी अन्य विभाग द्वारा वहां निर्माण कार्य नहीं कराया जा सकता। बताया जा रहा है कि ठेकेदार द्वारा शेल्टर की पुरानी सीटें हटाकर मरम्मत कार्य शुरू किया गया था, तभी विभाग ने आपत्ति दर्ज कराते हुए काम को बीच में ही रुकवा दिया। इसके कारण शेल्टर पूरी तरह शेड-विहीन हो गया है।

पूर्व आदेश और स्वीकृत बजट का हवाला

गौ सेवा संस्थान से जुड़े युवाओं का कहना है कि पूर्व कलेक्टरों के निर्देश पर यह शेल्टर अस्थायी रूप से संचालित किया जा रहा था और देवरा में नया शेल्टर तैयार होने तक यहीं घायल गायों का उपचार किया जाना था। उनका दावा है कि घायल गायों की संख्या बढ़ने को देखते हुए वर्तमान कलेक्टर द्वारा रेनोवेशन के लिए बजट भी स्वीकृत किया गया था तथा इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी थी।

गौ सेवकों ने जताई चिंता

गौ सेवकों का कहना है कि वे केवल घायल गायों के उपचार के लिए अस्थायी निर्माण कार्य करा रहे थे, जिसे आवश्यकता पड़ने पर हटाया जा सकता है। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग वर्तमान में इस स्थान का उपयोग भी नहीं कर रहा है। यदि शेल्टर का निर्माण कार्य जल्द पूरा नहीं किया गया तो ठंड के कारण घायल गौ-वंश की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।

कलेक्टर से शिकायत की तैयारी

विभागीय विवाद से नाराज गौ प्रेमी अब एकजुट होकर कलेक्टर से शिकायत करने की तैयारी में हैं। उनका कहना है कि प्रशासन गौ सेवा को लेकर बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन विभागों के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा मूक पशुओं को भुगतना पड़ रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button