इसरो ने ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 सैटेलाइट का सफल प्रक्षेपण किया

बेंगलूरू। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने वर्ष के अंतिम मिशन के तहत अमेरिकी कंपनी एएसटी स्पेसमोबाइल के संचार उपग्रह ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 का सफल प्रक्षेपण किया। यह लॉन्च पूरी तरह से व्यावसायिक समझौते के तहत किया गया।
इस उपग्रह को इसरो के एलवीएम-3 रॉकेट से आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सुबह 8:55 बजे प्रक्षेपित किया गया। लगभग 15 मिनट बाद उपग्रह को करीब 520 किलोमीटर ऊंचाई पर पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित कर दिया गया।
इसरो के अनुसार, यह एलवीएम-3 की छठवीं उड़ान और तीसरी वाणिज्यिक उड़ान थी। यह मिशन न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड और एएसटी स्पेसमोबाइल के बीच हुए व्यावसायिक समझौते का हिस्सा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सफलता पर इसरो को बधाई दी और कहा कि इस मिशन से भारत की अंतरिक्ष क्षमता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साख मजबूत हुई है।
ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 उपग्रह का उपयोग संचार सेवाओं के विस्तार के लिए किया जाएगा, जिससे दूरदराज के इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर हो सकेगी।













